झारखंड में फूड प्रोसेसिंग में निवेश को आगे आएं: सीएम
मुख्यमंत्री रघुवर दास इन दिनों प्रतिनिधिमंडल के साथ चीन यात्रा पर हैं। यात्रा के चौथे दिन बुधवार को प्रतिनिधिमंडल की हेनान के कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चीन के पार्टी सेक्रेटरी वॉन गोशंग के साथ बैठक हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की धरती पर चीन के हेनान प्रांत से आने वाले ह्वेनसांग और फाहियान भारत के इतिहास के अमिट हस्ताक्षर हैं। झारखंड के इटखोरी से ही भगवान बुद्ध की आध्यात्मिक यात्रा शुरू हुई थी। हेनान प्रांत से हमारे अतीत के बेहतर रिश्तों की तरह भविष्य में भी बेहतर संबंध की अपेक्षा है। बुद्धिज्म के दृष्टिकोण से हेनान प्रांत का झारखंड से गहरा नाता बन सकता है।
फूड प्रोसेसिंग में निवेश का आग्रह: मुख्यमंत्री ने झारखंड में 29-30 नवंबर को होनेवाले ग्लोबल एग्रीकल्चर एंड फूड समिट 2018 के बारे में जानकारी दी। कहा कि इसमें विश्व के कई देशों की एग्रिकल्चर और फूड प्रोसेसिंग से संबंधित कंपनियां भाग लेंगी। हेनान प्रांत में फूड प्रोसेसिंग की 30 हजार से अधिक कंपनियां हैं। झारखंड में इनके निवेश की बहुत बड़ी संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने वॉन सहित हेनान के प्रतिनिधिमंडल को ग्लोबल एग्रीकल्चर फूड समिट के लिए आमंत्रित किया।
वॉन गोशंग ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि इस साल भारत के प्रधानमंत्री और चीन के राष्ट्रपति के बीच तीन बार मुलाकात हुई है। मुख्यमंत्री की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल का हेनान प्रांत आने से दोनों राज्यों के संबंधों को बढ़ावा मिलेगा। हेनान चीन की सबसे घनी आबादी वाला राज्य है। हेनान एक अच्छा ट्रांसपोर्टेशन हब है। यहां पर हाई स्पीड रेल नेटवर्क है। वाटर-वेज के यहां कई अच्छे पोर्ट्स बने हैं। साथ ही मिनरल के मामले में भी हेनान संपन्न प्रांत है। वाणिज्यिक दृष्टि से हेनान चीन का पांचवां बड़ा प्रांत है। चीन की एक तिहाई कृषि हेनान में होती है। यहां करीब 30 हजार फूड प्रोसेसिंग की कंपनियां हैं।
मुख्यमंत्री ने राज्य में उद्योगों की संभावना के बारे में बताया। वॉन ने कहा कि भारत में झारखंड इंडस्ट्री के दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसके साथ ये कृषि प्रधान राज्य भी है। मुख्यमंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल में गए ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, भू राजस्व मंत्री अमर कुमार बाउरी, विकास आयुक्त डीके तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील कुमार बर्णवाल और मुख्यमंत्री के वरीय आप्त सचिव अंजन सरकार मौजूद थे।
0 comments:
Post a Comment